केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की सांसद निधि का खाता बंद किया जाएगा। शासन ने खाता बंद कर सप्ताह भर में उपभोग प्रमाण मांगा है। वहीं, राज्यसभा सदस्य डा. तजीन फात्मा की निधि से चमरौवा क्षेत्र में सड़कें बनाई जाएंगी। उन्होंने जिलाधिकारी को तीन गांवों में सीसी रोड डलवाने के प्रस्ताव दिए हैं।
14वीं लोकसभा में केंद्रीय मंत्री मुख्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का संसदीय कार्य क्षेत्र रामपुर था। सांसद निधि का खाता भी रामपुर से ही संचालित होता था। अब नकवी का कार्य क्षेत्र बदल गया है। उनकी सांसद निधि का खाता अभी भी संचालित है। खाते में पैसा भी पड़ा है।
नियोजन विभाग के विशेष सचिव नवीन चंद ने नकवी की सांसद निधि का पैसा खर्च कर खाता बंद करने का फरमान जारी किया है। शासन ने सप्ताह भर में उपभोग प्रमाण पत्र भी देने को कहा है। इससे पहले भी शासन कई बार खाता बंद करने के आदेश कर चुका है।
वहीं, सांसद डा. तजीन फात्मा ने अपनी निधि से चमरौवा क्षेत्र के तीन गांवों में सीसी रोड का निर्माण कराने का प्रस्ताव दिया है। डीएम को भेजे प्रस्ताव में कहा कि उनकी निधि से भंडपुरा में 10 सीसी रोड डलवाए जाएं। इसी तरह ककरौवा में छह और खजुरिया में नौ सीसी रोड डलवाने का प्रस्ताव दिया गया है। जिला ग्राम्य विकास अधिकरण (डीआरडीए) ने धन रिलीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।