सियासी समर में जहां हर क्षेत्र के नेता की किस्मत का फैसला होना है। वहीं फैसले के अगले दिन ही होली का जश्न भी मनना शुरू हो जाएगा। होली को लेकर बाजार अब पूरी तरह सजने लगा है। शहर के मिस्टन गंज, पुराना गंज, ज्वाला नगर के बाजारों में आकर्षक ढंग से होली के सामान को सजाया गया है। रंग-अबीर, पिचकारी के साथ-साथ आकर्षक मुखौटे भी दिखायी पड़ रहे हैं।
मिस्टन गंज स्थित रंगों के थोक विक्रेता गिरिराज शरण अग्रवाल का कहना है कि इस बार बाजार में फिल्मी हस्तियों के मुखौटों के साथ-साथ डब्ल्यूृ-डब्ल्यू एफ के खिलाड़ियों के मुखौटे, कार्टून फिल्मों के टॉम एंड जेरी, फैंटम आदि के मुखौटे उपलब्ध हैं। पिचकारी में सामान्य पिचकारी के साथ-साथ कई प्रकार की डिजाइनवाली पिचकारी भी उपलब्ध है। इसकी कीमत 20 रुपये से 200 रुपये तक है। मार्च के महीने में अधिकांश बच्चों का फाइनल परीक्षा होने के बाद भी बच्चों में होली का माहौल देखा जा रहा है। बाजार में केमिकल रंग के साथ-साथ फूलों के पंखुड़ियों से बनने वाले रंग की मांग ज्यादा है। अबीर में आरारोट वाला सुगंधित अबीर-गुलाल उपलब्ध है। बाजार में पैकेट के अनुसार इसकी कीमत निर्धारित की गयी है। चौराहों पर होलिका रखी जा चुकी है।
बाजार की तरफ जाने वाले बच्चे पिचकारी की जिद करते दिखाई दिए। होली से ठीक पहले स्कूलों में परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। होली के तत्काल बाद बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू होने वाली हैं। इसलिए अभिभावकों के साथ छात्र-छात्राएं भी टेंशन में हैं। इसके बाद भी बच्चों के लिए कपड़े बनवाने से लेकर पकवानों के लिए तैयारियां आरंभ की जा चुकी हैं। होली का उत्सवी उत्साह जाहिर है कि सबसे ज्यादा बच्चों पर ही नजर आ रहा है।