फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: नगर पालिका 157 करोड़ से संवारेगी शहर

विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। नगर पालिका परिषद की 2024-25 के वार्षिक बजट की बोर्ड बैठक हंगामेदार रही। वार्डों की समस्याओं को लेकर सभासदों में जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान 159.99 करोड़ की आय और 157.80 करोड़ के खर्च के साथ मूल बजट पास हुआ। नगर पालिका शहर के विकास के साथ अन्य मदों में 157 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बुधवार को पालिका सभागार में तीन बजे शुरू हुई बैठक डेढ़ घंटे तक चली। पालिकाध्यक्ष सना खानम की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में पालिका की खामियों को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगे गए। काफी देर हंगामे के बाद 2024-25 का वार्षिक बोर्ड बजट प्रस्तुत किया गया। अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बजट को पढ़कर सुनाया। उन्होंने 159.99 करोड़ की प्रस्तावित आय और 157.80 करोड़ के अनुमानित व्यय के साथ 2.19 करोड़ का संभावित लाभ प्रस्तुत किया।
विज्ञापन

इससे पहले सभासदों ने शहर के 43 वार्डों की समस्याएं रखने के साथ पालिका की पोल भी खोली। सभासद मुराद कलीम ने कहा कि स्क्रैप की नीलामी अभी तक नहीं हुई है। इस पर अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने जानकारी ली तो पता चला कि 1999 से नीलामी नहीं हो सकी है। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि जो सामान खरीदा जाता है, वह स्टोर में नहीं जा रहा है, इसकी जांच कराई जाए। अधिशासी अधिकारी ने तुरंत इसके लिए कमेटी बनाकर तकनीकी लोगों को शामिल करते हुए जांच के आदेश दिए। सभासदों ने टैक्स विभाग के अधिकारी सुधीर कुमार से कहा कि पालिका के राजस्व को बढ़ाने के लिए तहबाजारी से शुल्क नहीं लिया जा रहा। इसकी नीलामी तक नहीं हो सकी है, जिससे राजस्व को नुकसान हो रहा है।

बापू मॉल की दुकानों के किराए का उठा मुद्दा
बोर्ड बैठक में सभासदों ने बापू मॉल की दुकानों का किराया कम करने का मुद्दा उठा। इस पर पालिकाध्यक्ष सना खानम ने कहा कि जल्द ही दुकानों का किराया कम करने के बाद इनका आवंटन पूरी तरह से कर दिया जाएगा। सभासदों ने कहा कि टेंपो स्टैंड के लिए अभी तक टेंडर नहीं हो सका है। इसके साथ ही नालियों और नालों पर भी काम नहीं हो सका है। पालिकाध्यक्ष ने जल्द ही इस पर काम कराने के लिए सहमति जताई। सभासदों ने अन्य जिलों की तरह कूड़ा उठाने के लिए ई-रिक्शा चलाने की मांग की। कहा कि 10 हजार की आबादी पर 28 सफाई कर्मचारी का नियम है, लेकिन किसी वार्ड में 14 तो कहीं 17 या 18 ही कर्मचारी हो सके हैं।
विज्ञापन

-
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के मामले पर भिड़े सभासद
बैठक के दौरान सभासद दिनेश शर्मा ने कहा कि नगर पालिका परिषद में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने में काफी धांधली हो रही है। 1000 से 2000 रुपये लेकर दलालों के माध्यम से प्रमाणपत्र बनवाए जा रहे हैं। इसका सभासद जमील इनायती ने विरोध करते हुए कहा कि जन्म-मृत्यु विभाग सबसे बेहतर चल रहा है। उनकी बात से कुछ और सभासद भी दिनेश शर्मा से बहस करने लगे। नोकझोंक बढ़ने पर ईओ और पालिकाध्यक्ष ने सभी को शांत कराया। सभासद दिनेश शर्मा ने अधिकारियों पर डीजल का गबन करने का भी आरोप लगाया। कहा कि नगर पालिका परिषद में जनरेटर के लिए 4000 लीटर डीजल महीने में आता है लेकिन कर्मचारी बिना पंखे और बिजली के काम कर रहे हैं।
-
वर्जन :
नगर पालिका की बोर्ड बैठक संपन्न हो गई। बैठक में 159.99 करोड़ आय और 157.80 करोड़ के खर्च के साथ बजट पास कर दिया गया है। - दुर्गेश्वर त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें