स्वार। कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुकरमपुर के प्रधान शाहनवाज अली ने कुछ लोगों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कोतवाली पुलिस को साक्ष्य के रूप में एक ऑडियो क्लिप भी सौंपी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव निवासी इरशाद अली और खेमपुर निवासी मुस्तकीम के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम प्रधान शाहनवाज अली ने तहरीर में आरोप लगाया कि इरशाद अली और उसका साथी मुस्तकीम, निवासी खेमपुर थाना अजीमनगर, दबंग छवि के हैं और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों लोग पैसे लेकर लोगों को जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी, जिसका ऑडियो भी वायरल हुआ है। मामले को गैंगवार से जोड़ते हुए प्रधान ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।