फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, भाग निकला चालक

Tue, 24 Nov 2026 01:08 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। बॉस को होटल छोड़कर घर लौट रहे बाइक सवार युवक की डायमंड रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में डायमंड सिनेमा हॉल के पास कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक उछलकर दूर जा गिरा।
विज्ञापन

हादसे के बाद कार चालक रुकने के बजाय भाग निकला। हालांकि, टक्कर में कार का अगला बंपर टूटकर सड़क पर गिर गया। पुलिस ने बंपर को अहम सुराग मानते हुए कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान तुषार सक्सेना पुत्र बसंत लाल सक्सेना निवासी नादर बाग की मड़ैया के रूप में हुई है। तुषार शहर के क्रोमा स्थित सैमसंग सेंटर पर काम करता था। बताया गया कि बीती देर रात वह अपने बॉस को सेंटर से होटल छोड़ने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान डायमंड रोड पर डायमंड सिनेमा हॉल के पास तेज गति से आ रही कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तुषार बाइक से उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरा। गंभीर चोटें लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद कार चालक घायल की मदद करने के बजाय वाहन समेत फरार हो गया। टक्कर की तीव्रता से कार का अगला बंपर टूटकर घटनास्थल पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने टूटे हुए बंपर को अपने कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
तुषार की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने थाना सिविल लाइंस पहुंचकर कार चालक और कार स्वामी के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। उन्होंने आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें