बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सकटुआ निवासी राजवीर सिंह सागर (35) की बुधवार सुबह धनोरा-रम्पुरा रोड पर अज्ञात कार की टक्कर से मौत हो गई। वह मजदूरी के लिए बाइक से जा रहे थे। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, राजवीर बुधवार सुबह करीब 8:55 बजे समीप के गांव ढाकी निवासी एक किसान के खेत में खाद डालने के लिए मजदूरी पर जा रहे थे। धनोरा-रम्पुरा रोड पर ढाकी गांव के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उन्हें रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर कोतवाली पुलिस भी रुद्रपुर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
000
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ग्राम प्रधान नरेश गौतम ने बताया कि मृतक राजवीर सिंह की पत्नी करीब पांच वर्ष पहले उन्हें छोड़कर चली गई थीं। राजवीर मजदूरी कर अपनी तीन बेटियों और एक बेटे का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी मौत के बाद बच्चों के सामने पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। बेटे-बेटियों के साथ बुजुर्ग पिता मुरारी लाल और मां विमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।