रामपुर। मोहल्ला कलकत्ता में पिछले तीन दिन से लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। घरों में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। यहां बने ओवरहेड टैंक का मोटर फुंक गया है, जिस वजह से पानी की सप्लाई बाधित है। भीषण गर्मी में पानी न मिलने से लोग परेशान हो रहे हैं। पालिका प्रशासन की ओर से लापरवाही की जा रही है। जिले का पारा 42 डिग्री पार कर चुका है। लोगों को इस समय पानी की बेहद जरूरत है, लेकिन पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते मोहल्ला कलकत्ता के लोगों को पानी मयस्सर नहीं हो रहा है।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे से कलकत्ता मोहल्ले के पानी की सप्लाई चली गई, जिससे यहां पर लाल कवर, कटकुइयां, चीनी गिराम समेत कई मोहल्लों में पानी की समस्या पैदा हो गई। बताया जा रहा है कि यहां पर पानी की मोटर फुंक गया है। पालिका ने उसे अभी तक ठीक नहीं कराया है।
ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी का कहना है कि मोटर को जल्द ही दिखवाकर सही करवा दिया जाएगा। टीम को भेजा गया था वहां की समस्या दर्ज कर ली गई है। जल्द ही इसको ठीक करवा दिया जाएगा।