पटवाई/शाहबाद। दहेज हत्या के प्रकरण में वांछित चल रहे मां-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पटवाई थाना क्षेत्र के गांव बहपुरा गांव निवासी पुरुषोतम ने अपनी बहन अस्वती (30) का विवाह इसी थाना क्षेत्र के भोरकी गांव निवासी सूरजपाल से लगभग सात वर्ष पूर्व किया था। पुरुषोतम का आरोप था कि विवाह के बाद से पति समेत सभी ससुराल वालों ने दहेज की मांग करना शुरू कर दी थी। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ आए दिन ससुराली मारपीट और प्रताड़ित करते रहते थे। आरोप था कि 27 जुलाई देर रात 11 बजे पति सूरजपाल, देवर नेमचंद, देवरानी दानवती, सास कमला देवी और अजीमनगर क्षेत्र के गांव बगड़खा गांव निवासी फूलचंद समेत सभी ने एक राय मशवरा होकर विवाहिता को जलाकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया था। इस प्रकरण में सभी आरोपी वांछित चल रहे थे। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के रहटगंज गांव के निकट से विवाहिता के पति सूरजपाल और सास कमला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। जबकि अन्य वांछितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।