रामपुर। जिला सहकारी संघ की 19 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे हैं। ज्यादातर लोगों ने मकान से लेकर अस्पताल तक का पक्का निर्माण भी करा रखा है। अब प्रशासन ने इसकी सुध लेनी शुरू की है। डीएम के आदेश के बाद अब सहकारिता विभाग यहां पर कब्जेदारों को नोटिस देने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, मौके पर लंबे समय से मौजूद कब्जे हटाना प्रशासन के लिए भी आसान नहीं माना जा रहा है।
शहर में माला सिनेमा रोड पर जिला सहकारी संघ की करीब 22 एकड़ जमीन है। मगर, यहां की करीब 19 एकड़ जमीन पर पिछले एक दशक में अवैध कब्जे हो गए। एक के बाद एक मकान, अस्पताल, स्कूल तक बनते चले गए, लेकिन जब कब्जे हुए तब न तो सहकारिता विभाग ने सुध ली और न ही प्रशासनिक अमले ने।
अब जिला सहकारी संघ को अवैध कब्जों की याद आई है। जिला सहकारी संघ के चेयरमैन सुभाष चंद्र गुप्ता ने अवैध कब्जों को हटवाने के लिए प्रशासन को पत्र लिखे लेकिन इसके बाद भी अफसरों ने इसकी सुध नहीं ली। यहां पर अब डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सहकारिता विभाग, नगर पालिका और आरडीए को इस मामले में कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं, जिसके बाद सहकारिता विभाग सक्रिय हो गया है।
सहकारिता विभाग ने करोड़ों रुपये की जमीन पर बने करीब डेढ़ हजार से ज्यादा अवैध कब्जों को हटवाने के लिए कवायद शुरू की है। लेकिन डेढ़ हजार से ज्यादा अवैध कब्जे हटवाना सरकारी अमले के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। हालांकि सहकारिता विभाग इस जमीन को कब्जे से मुक्त कराने के लिए प्रयासरत होने की बात कर रही है। संघ की ओर से फिलहाल यहां अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।
जिला सहकारी संघ की जमीन पर अवैध कब्जे काफी हैं। यहां पर अवैध कब्जे हटवाने के लिए करीब बार पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन कब्जे नहीं हटे हैं। अब डीएम के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई है। कब्जेदारों को पहले नोटिस दिए जाएंगे। इसके बाद कब्जों को हटवाया जाएगा।
सुभाष गुप्ता, चेयरमैन जिला सहकारी संघ
सहकारिता विभाग की ओर से जमीन पर से अवैध कब्जे हटवाने के लिए नोटिस जारी होंगे। इसके बाद कब्जों को हटवाया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
- गणेश गुप्ता, एआर कोआपरेटिव
कब्जे हटवाने पर चेयरमैन को फोन पर धमकाया, हिंदू जागरण मंच के नेता पर रिपोर्ट
डीसीडीएफ की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर कसे गए शिकंजे के बाद चेयरमैन सुभाष गुप्ता को फोन पर धमकाया गया है। इस मामले की शिकायत एसपी से की गई है। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने हिंदू जागरण मंच के नेता के खिलाफ फोन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
डीसीडीएफ के चेयरमैन सुभाष गुप्ता ने बृहस्पतिवार को एसपी को शिकायती पत्र दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि गत दिवस एक खोखा हटवाया गया था, जिसके बाद उनके पास एक फोन कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को हिंदू जागरण मंच का नेता बताते हुए कार्रवाई का विरोध किया। साथ ही राज्यमंत्री के खिलाफ भी अपशब्द बोले।
उन्होंने इस मामले में धमकाने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी विद्या सागर मिश्र ने शहर कोतवाली पुलिस को इस मामले की जांच के आदेश दिए, जिसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में हिंदू जागरण मंच के नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
शहर कोतवाल नवाब सिंह ने बताया कि जिस फोन नंबर से धमकी दी गई है वह फोन नंबर हिंदू जागरण मंच के नेता प्रवीण गुज्जर के नाम पर है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।