तहसील में बंदरों ने जमकर उत्पात मचाया। इससे अधिवक्ता चैंबर छोड़ कर भाग खड़े हुए। इस दौरान बंदर ने अधिवक्ता के मुंशी को काट कर घायल कर दिया। बंदरों के आतंक से परेशान अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर बंदरों को पकड़वाए जाने की मांग की।
नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों ने आतंक मचा रखा है। बंदरों द्वारा की जा रही हरकत से लोग परेशान है। मंगलवार को बंदरों के झुंड ने तहसील में जमकर उत्पात मचाया। इससे अधिवक्ता चैंबर को छोड़कर भाग खड़े हुए। इस दौरान बंदर ने अधिवक्ता ताहिर हसन के मुंशी फखरुउद्दीन को काट घायल कर दिया।
तहसील में बंदरोें द्वारा रोज मचाए जा रहे उत्पात के चलते सीनियर बार वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल एसडीएम गजेंद्र कुमार से मिला और बंदरों के आतंक की समस्या से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। जिसमें वन विभाग को निर्देशित कर बंदरों को पकड़वाकर जंगल में छुड़वाए जाने की मांग की।
इस मौके पर सीनियर बार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह संधू, शेख नदीम अहमद, बृजकिशोर दिवाकर, एम अय्यूब, गजेंद्र तोमर, सलीम अहमद, विक्रम संधू, शहनावाज खां, महमूद अली, मोहम्मद आसिफ अंसारी, संदीप संधू, हरस्वरूप सिंह, मोहम्मद नावेद आदि मौजूद रहे।