रामपुर। घरेलू गैस सिलिंडरों के दुरुपयोग को लेकर अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अब पूर्ति विभाग सख्त हो गया है। इसको लेकर जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी गैस एजेंसी धारकों के साथ बैठक की। साथ ही अपने सप्लाई इंस्पेक्टरों को भी कार्रवाई के आदेश दिए। कहा कि यदि किसी क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक प्रयोग होता मिला, तो सख्त कार्रवाई की जाए।
जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों के दुरुपयोग को लेकर अक्सर मामले सामने आते रहते हैं। होटलों से लेकर ठेले और ढाबों पर भी घरेलू गैस सिलिंडरों का खूब प्रयोग हो रहा है। यहां तक कि अब तो कोलतार गर्म करने और सड़क पर सफेद रंग की पट्टी बनाने के लिए भी लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग करने लगे हैं। बीते आठ जुलाई को ही तोपखाना गेट पास ऐसा होता मिला था, जिस पर अमर उजाला की ओर से यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद अफसरों के कान खड़े हो गए। जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील ने जिले के सभी एलपीजी एजेंसी धारकों के साथ ही सप्लाई इंस्पेक्टरों को तलब कर लिया। उन्होंने बैठक कर निर्देश किए कि अपने स्तर पर कहीं भी घरेलू गैस सिलिंडर का दुरुपयोग होता देखें, तो तुरंत कार्रवाई करें। एजेंसी धारक भी अपने हॉकरों पर नजर रखें कि वे कहां-कहां गैस सिलिंडरों की सप्लाई दे रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अभिषेक कुरील ने बताया कि अब सभी होटलों, शादी मंडपों, मिष्ठान विक्रेताओं एवं ठेले-खोमचे वाले घरेलू सिलिंडर का व्यावसायिक प्रयोग नहीं कर सकेंगे। यदि कहीं ऐसा होता मिला, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।