दढ़ियाल (रामपुर)। अकबराबाद और स्वार क्षेत्र में पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक डंपर ने भागने की कोशिश में खनन अधिकारी की गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर में खनन अधिकारी तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। कार्रवाई के दौरान पांच डंपर और तीन बाइक जब्त कर ली गई हैं। खनन अधिकारी का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
क्षेत्र के अकबराबाद और स्वार के चौहद्दा क्षेत्र में मंगलवार को जिला खनन अधिकारी सौरभ गुप्ता समेत स्वार एसडीएम यमुनाधर चौहान, सीओ धर्मसिंह मर्छल और दढ़ियाल चौकी इंचार्ज श्रीपाल सिंह की संयुक्त टीम ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया। दढ़ियाल के अकबराबाद की ओर से जहां खनन अधिकारी और दढ़ियाल चौकी इंचार्ज ने कोसी नदी के खनन क्षेत्र का निरीक्षण किया। वहीं स्वार के चौहद्दा क्षेत्र की स्वार एसडीएम और सीओ ने घेराबंदी की।
दो तरफा कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान टीम ने तीन फील्डरों की बाइक और पांच खनन से भरे ओवरलोड डंपर पकड़ लिए। अभियान के दौरान एक डंपर चालक ने भागने के प्रयास में सामने से आ रही खनन अधिकारी की गाड़ी को टक्कर मार दी, जिसमें गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि टक्कर से खनन अधिकारी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। खनन अधिकारी सौरभ गुप्ता ने बताया कि खनन कारोबारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी ।