रामपुर। हरियाणा के भिवानी में आयोजित ओपन नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में मिलक के खिलाड़ी पुलकित पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
11 और 12 अप्रैल को आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में तहसील मिलक के गांव कपनेरी निवासी पुलकित पटेल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वह उत्तर प्रदेशीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू पटेल और उच्च प्राथमिक विद्यालय अहमद नगर कुंदनपुर की शिक्षिका प्रीति गंगवार के पुत्र हैं। कम समय में कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास के दम पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
वर्तमान में पुलकित मानस स्थली आवासीय विद्यालय, फरीदपुर बरेली में अध्ययनरत हैं। इससे पहले भी वह मेरठ में आयोजित प्रतियोगिता में रजत और मोहाली में कांस्य पदक जीत चुके हैं। पुलकित ने बताया कि उनका लक्ष्य ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना है।