पटवाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पटवाई की ‘क्लीन-अप पटवाई’ मुहिम का जिक्र होने के बाद टीम के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात की।
टीम को मंत्री से मुलाकात के लिए आमंत्रित किया गया था। इस दौरान नमामि गंगे अभियान के तहत जल स्रोतों के संरक्षण, गंगा घाटों और तालाबों की स्वच्छता तथा जमीनी स्तर पर चलाए जा रहे प्रयासों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
टीम के संस्थापक आकाश यादव ने केंद्रीय मंत्री को अब तक किए गए स्वच्छता कार्यों और आगे की योजनाओं की जानकारी दी। टीम की ओर से गंगा घाटों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी बताया गया। मंत्री ने टीम के कार्यों की सराहना की।
मुलाकात के दौरान बड़े जल स्रोतों की सफाई में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों पर भी चर्चा हुई। टीम ने सफाई अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए आवश्यक मशीनरी और सुरक्षा उपकरणों की जरूरत बताई। मंत्री की ओर से इस दिशा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त में ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण में पटवाई के युवाओं की ‘क्लीन-अप पटवाई’ मुहिम का उल्लेख किया था। यह पहल गांव की सफाई से शुरू होकर गंगा घाटों, तालाबों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों तक पहुंची है। टीम ने चार गंगा घाटों की सफाई और एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा हटाने की जानकारी भी साझा की थी।
आकाश यादव ने बताया कि केंद्रीय मंत्री से सकारात्मक बात हुई है। उन्होंने ‘क्लीन-अप पटवाई’ संस्था के कार्यों की सराहना की। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने सफाई में आ रही मशीनों की दिक्कतों को दूर कराने का भरोसा दिया है।