रामपुर। नगर पालिका बोर्ड की बैठक दूसरे दिन भी हुई। इस दौरान सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। सभासदों ने विकास कार्य, पथ प्रकाश, साफ सफाई का मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया, तो मच्छरों की रोकथाम के लिए फागिंग कराने से पहले उन्हें जानकारी देने एवं उनसे मंजूरी लेने की बात रखी। सभी बातें सुनने के बाद सभासदों ने एक स्वर में सभी प्रस्तावों को मंजूरी दे दी।
नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा जबी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संचालक मंजूर नकवी ने एजेंडा पढ़ना शुरु किया। एजेंडे में पहला प्रस्ताव बोर्ड में गठित विभिन्न समितियों का था। सभासदों का कहना था कि जो समितियां गठित की गई हैं, वह नियम विरुद्ध हैं, जिसकी वजह से प्रस्ताव को पिछली बैठक में पारित नहीं किया गया था। सभासदों ने कहा था कि इन समितियों के गठन में हमारी पावर का इस्तेमाल किया जाए, जिस पर नगर पालिकाध्यक्ष ने विधिक राय लेने के लिए कहा था। नगर पालिक की ओर से विधिक राय ली गई, तो पता लगा कि समितियों का गठन नगर पालिका अधिनियम के अनुरूप ही होना चाहिए। इसी बात को लेकर सभासदों और पालिका अधिकारियों के बीच गुरुवार को बहस होती रही। बहस इतनी लंबी हो गई कि बैठक शुक्रवार को भी बुलाई गई। सभासदों ने कहा कि शहर में दीपावली से पहले पथ प्रकाश की व्यवस्था दुरुस्त हो जाए। इसके लिए लाइटें लगाई जाएं, जिससे लोगों की दिक्कतें दूर हो सकें। सफाई कर्मियों को कूड़ा उठाने के लिए ठेली का आवंटन करने की बात भी उठाई। इस बीच कुछ सभासदों ने पालिका कर्मियों के पटल बदलने की बात रखी, जिस पर बहस हो गई। सभासद नाराज होकर जाने लगे, लेकिन फिर अधिशासी अधिकारी ने सभासदों को मनाया और उन्हें आश्वस्त किया कि एक माह का समय दिया जाए, जिसमें कुछ बदलाव देखने को मिलेगा। बाद में सभासद आ गए। सभासदों ने एक स्वर में सभी दस प्रस्तावों को पास कर दिया। हालांकि, प्रस्ताव संख्या एक को लेकर साफ कहा कि नगर पालिका के नियम आदि देख लिए जाएं। यदि समितियां नियमों के अनुरूप हैं, तो उन्हें मंजूर कर लिया जाए, लेकिन यदि बोर्ड के अध्यक्ष और सभासदों पर कोई नियम आड़े आए तो इसे हटा दिया, जिस पर ईओ से सहमति जताई। शाम साढ़े छह बजे तक चर्चा होती रही।