लखनऊ के प्रमुख शिया धर्मगुरु मौलाना सय्यद हमीदुल हसन ने कहा है कि धर्म इबादतगाहों से नहीं, किरदार से फैलता है इसलिए मुसलमान अपने किरदार को सुधारें।
इमामबाड़ा खासबाग़ में शाही ख़ानदान के साहिबजादा मोहम्मद जाफर अली खान के चेहल्लुम पर आयोजित सभा में प्रमुख शिया धर्मगुरु मौलाना सय्यद हमीदुल हसन की तक़रीर हुई। सभा में कई राजघरानों के प्रतिनिधियों के अलावा काफी संख्या में लोग पहुंचे। सभा को ख़िताब करते हुए मौलाना सय्यद हमीदुल हसन ने कहा कि धर्म इबादतगाहों से नहीं, किरदार से चलता और फैलता है इसलिए मुसलमान अपने किरदार को सुधारें। क़ुरान की तालीमात पर अमल करें और बुराई से बचें। मुसलमानों का चरित्र अच्छा होगा तो समाज में पॉजिटिव संदेश जाएगा और हमारे मजहब की अच्छी छवि क़ायम होगी।
इस मौके पर पूर्व सांसद बेगम नूरबानो, ओरछा के महाराज जय सिंह, पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खान उर्फ नावेद मियां, रजा लाइब्रेरी के निदेशक प्रोफेसर हसन अब्बास, पूर्व पालिका अध्यक्ष सरदार जावेद खान व पप्पू खान, नवेद मियां के पीआरओ काशिफ खान, व्यवसायी डीडी जौली, साहिबजादा सलमान अली खान, बेगम यासीन अली खान उर्फ शाहबानो, शबाब हुसैन, हिमायत उल्लाह खान, राज मियां, मुस्तफा हुसैन एडवोकेट, साइम एजाज खान आदि मौजूद थे। दूसरी ओर प्रमुख शिया धर्मगुरु मौलाना सय्यद हमीदुल हसन रामपुर रजा लाइब्रेरी पहुंचे, उन्होंने वहां हजरत अली के हाथों से लिखा गया क़ुरआन और पांडुलिपियों का अवलोकन किया।