रामपुर। मसवासी के मोहल्ला चाऊपुरा निवासी बाइक मैकेनिक अली रजा (48) की उत्तराखंड के रामनगर क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अली रजा रविवार को अपनी पत्नी के साथ रामनगर में एक रिश्तेदारी से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार कर रही एक महिला अचानक उनकी बाइक के सामने आ गई। महिला को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में अली रजा के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी भी घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को काशीपुर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अली रजा को मुरादाबाद रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर पर रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों का तांता लग गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ सोनम सिंह ने बताया कि हादसा उत्तराखंड क्षेत्र में हुआ है, इसलिए मामले में आवश्यक कार्रवाई उत्तराखंड पुलिस की ओर से की जाएगी।