रामपुर। साप्ताहिक बंदी के मद्देनजर शुक्रवार को रात दस बजे से सोमवार को सुबह पांच बजे तक बाजार बंद रहेंगे। ऐसे में सिर्फ आवश्यक सेवाएं ही जारी रहेंगी। किसी को भी बेवजह अपने घर से बाहर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सिर्फ होम डिलीवरी के जरिए ही दूध, दवा समेत खाद्य पदार्थों की आपूर्ति की अनुमति जारी रहेगी।
प्रदेश में हर रोज कोरोना संक्रमण के नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। रामपुर में भी कोरोना संक्रमितों की तादाद में इजाफा होता जा रहा है। लिहाजा, सरकार की ओर से शुक्रवार को रात दस बजे से सोमवार को सुबह पांच बजे तक साप्ताहिक बंदी का एलान किया गया था। इसी के तहत शनिवार को सभी बाजार, दुकानें आदि बंद रहेंगे। जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने भी साप्ताहिक बंदी का सख्ती से पालन कराने के लिए कमर कस ली है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से जनता की सुरक्षा के लिए ही रात दस बजे से साप्ताहिक बंदी लागू रहेगी। ऐसे में लोग भी यह समझें कि वे किसी भी कीमत पर अपने घरों से बाहर न आएं। बताया कि साप्ताहिक बंदी पहले जैसी सख्त रहेगी। चौराहों पर पुलिस फोर्स के साथ ही मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। बताया कि कोई भी दुकान नहीं खोलने दी जाएगी। किराना स्टोर से लेकर स्पेयर पार्ट्स की दुकानें भी बंद रहेंगी। शॉपिंग कांप्लेक्स भी बंद रहेंगे। सिर्फ होम डिलीवरी के जरिए ही आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की जाएगी। फल और सब्जियां भी घर बैठे ही मुहैया कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोग ये समझ लें कि वे बाहर आएंगे तो कार्रवाई होगी। इसलिए, बेहतर होगा कि वे स्थिति को गंभीरता से लें और किसी भी कीमत पर नियमों का उल्लंघन करने से बचें।