रामपुर। लॉकडाउन की वजह से शहर के बाजार बंद रहे। हालांकि, आवश्यक सेवाएं जारी रहीं। दूध, दवा, फल, सब्जियों की होम डिलीवरी की गई।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को भी 30 से अधिक नए संक्रमित सामने आए हैं। यह हाल सिर्फ रामपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश भर के जिलों का है। हर रोज किसी न किसी संक्रमित की जान जा रही है। अब तो गांवों में संक्रमण फैल गया है। ऐसे में संक्रमण के बढ़ते दायरे को देखते हुए सरकार की ओर से 30 अप्रैल रात आठ बजे से 24 मई को सुबह सात बजे तक लॉकडाउन का एलान किया गया है। इसके तहत हर दिन की तरह गुरुवार को भी शहर से लेकर गांव एवं कस्बों तक के सभी बाजार बंद रहे। शहर की सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। शहर के अधिकांश लोग तो घरों में ही रहे। शौकत अली रोड, शाहबाद रोड, मोहम्मद अली जौहर रोड, मिस्टन गंज, सब्जी मंडी, पुराना गंज, सर्राफा बाजार, चाकू बाजार, बाजार नसरूल्ला खां समेत शहर के सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों के बाजार बंद रहे। हालांकि, फल, सब्जी, किराना, दवाओं आदि की दुकानें खुली रहीं। यही हाल शाहबाद, मिलक, पटवाई, स्वार, टांडा, बिलासपुर आदि ग्रामीण एवं नगरीय इलाकों का रहा। लोग जरूरी कार्यों से ही घरों के बाहर आए।