रामपुर। साप्ताहिक बंदी के तहत शहर के सभी बाजार बंद रहे। गली, मोहल्लों की दुकानें भी बंद रहीं। ऐसे में लोगों को सब्जियों से लेकर दूध तक की होम डिलीवरी की गई। इस बीच लोगों ने घरों से बाहर आने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने किसी को नहीं आने दिया। उन्हें समझाकर घरों में वापस भेज दिया।
कोरोना संक्रमण के चलते सरकार की ओर से साप्ताहिक बंदी लागू की गई है। रामपुर में भी हर रोज बड़ी तादाद में संक्रमित सामने आ रहे हैं। मृतकों का भी आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। लिहाजा, साप्ताहिक बंदी में प्रशासन की ओर से सख्ती भी की जा रही है। यह साप्ताहिक बंदी सोमवार को सुबह पांच बजे तक जारी रहेगी। ऐसे में लोगों को दैनिक जरूरतों के सामान को लेकर कोई दिक्कत न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को साप्ताहिक बंदी का असर भी साफ नजर आया। शहर के सभी बाजार बंद रहे। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। होम डिलीवरी के जरिए दवाओं और अन्य खाद्य पदार्थों की आपूर्ति की गई। सब्जी विक्रेताओं ने घर-घर जाकर सब्जियों की आपूर्ति की। इस बीच कुछ लोग सामान लेने के बहाने अपने घरों से बाहर आए, तो उन्हें पुलिस कर्मियों ने फटकार कर भगा दिया। सख्त हिदायत दी गई कि साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन किसी भी कीमत पर न किया जाए।