छेड़छाड़ और चेन स्नैचिंग रोकने के लिए महिला पुलिस की तैनाती
महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने प्लान तैयार कर लिया है। मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए महिला पुलिस की तैनाती होगी। चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस तैनात की जाएगी। महाशिवरात्रि पर रठौंडा, भमरौवा और पंजाबनगर स्थित शिवालयों में लाखों शिवभक्त जुटते हैं।
कांवड़िये भी जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते हैं। इस दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने प्लान तैयार कर लिया है। तीनों मंदिरों में अलग-अलग मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सीओ स्तर के अफसर को भी मंदिरों में शिवभक्तों की सुरक्षा को लगाया गया है। रठौंडा के साथ ही भमरौवा और पंजाबनगर में संबंधित थानों की पुलिस के साथ ही आसपास के थानों की फोर्स को तैनात किया जाएगा।
मेले में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और चेन स्नेचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए महिला पुलिस के साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एसपी साधना गोस्वामी ने सभी सीओ को अपने-अपने क्षेत्र के मंदिरों की सुरक्षा में किसी भी तरह चूक न होने देने की हिदायत दी है। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा है।