मदरसा आलिया की मिलीं अलमारियां
- फोटो : अमर उजाला
आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी में मदरसा आलिया से चोरी हुई लगभग 41 लकड़ी की अलमारियां बरामद हुईं हैं, जो 2019 में चोरी हो गईं थीं। मदरसा आलिया के प्रधानाचार्य ने मौके पर पहुंचकर इस बात तस्दीक की है कि अलमारियां उनकी ही हैं।
बुधवार को पुलिस जुआ खेलने के आरोप में गिरफ्तार किए गए विधायक अब्दुल्ला आजम के करीबी माने जाने वाले अनवार और सालिम को रिमांड पर लेकर जौहर यूनिवर्सिटी पहुंची। दोनों की निशानदेही पर पुलिस एक कमरे का दरवाजा तोड़कर अलमारियां निकालीं। यूनिवर्सिटी में अभी सर्च अभियान जारी है। पुलिस ने जौहर यूनिवर्सिटी के दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
मंगलवार को भी अनवार और सालिम की निशानदेही पर एक कमरे में छुपाकर रखी गई किताबों का जखीरा बरामद किया था। इनमें अधिकांश किताबें वो हैं जो 2019 में मदरसा आलिया से चोरी हो गई थीं। इस मामले में पहले से गंज थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट है।
पुलिस ने सोमवार को यूनिवर्सिटी के परिसर में गड्ढे में दबाई गई सफाई करने वाली मशीन बरामद की थी। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को सपा नेता आजम खां, विधायक अब्दुल्ला आजम और पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खां सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस का कहना है कि अभी सर्च अभियान जारी है। शाम तक इस मामले की पूरी जानकारी दी जाएगी।