रामपुर। पालिकाध्यक्ष फात्मा जबीं ने कहा है कि जो मशीन जौहर यूनिवर्सिटी में मिली है वह पालिका की नहीं है। उन्होंने कहा कि पालिका की जितनी भी मशीनें हैं, सभी कार्यशाला में मौजूद हैं। जिसका सत्यापन कभी भी किया जा सकता है।
पुलिस ने सोमवार को जौहर यूनिवर्सिटी में खुदाई के दौरान मिली मशीन को पालिका का होने का दावा किया था और इस आरोप में आजम खां और अब्दुल्ला आजम सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई है। मंगलवार को पालिकाध्यक्ष ने प्रेस कांफ्रेंस में भावुक होते कहा है कि पालिका किसी भी संस्था में सफाई का कार्य नहीं करती है। पालिका केवल अपनी सीमा के अंदर अपने संसाधनों से सफाई कराती है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश के मुताबिक सवेरा नगर विकास योजना के अंतर्गत 13 अगस्त 2013 को दो कंपेक्टर मशीन, दो रोड स्वीपिंग मशीन और एक सीवर जैटिंग मशीन खरीदने के लिए धनराशि प्राप्त हुई थी। इसके बाद नियमानुसार निविदा आमंत्रित कर मशीनें खरीदी गईं थीं। क्रय की गईं समस्त मशीनें पालिका में उपलब्ध हैं। उन्होंने इस बात को पूरी तरह से गलत बताया कि जौहर यूनिवर्सिटी में पालिका की कोई मशीन है। पालिकाध्यक्ष ने दावा किया कि पालिका की ओर से कभी भी कोई मशीन किसी भी कार्य के लिए जौहर यूनिवर्सिटी नहीं भेजी गई है।