रामपुर। आम आदमी पार्टी (आप) का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश प्रवक्ता फ़ैसल लाला की अगुवाई में कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह से बुधवार को मुरादाबाद में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर को राशन और पेंशन के मुद्दे पर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि रामपुर मे बड़े पैमाने पर राशनकार्डों से पात्र लोगों के नाम काट दिए गए हैं। लोग राशन कार्ड में अपना नाम जुड़वाने के लिए सप्लाई ऑफिस के चक्कर लगाते हैं परंतु वहां कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है। फ़ैसल लाला ने कमिश्नर को यह भी बताया कि पिछले कई महीने से पांच किलो की जगह केवल चार किलो राशन ही लोगों को दिया जा रहा है जिसके कारण गरीब लोग बेहद परेशानी से गुजर रहे हैं। इसके अतिरिक्त कई पात्र लोगों की पेंशन भी रोक दी गई है। लोग बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं परंतु कई महीनों से खातों मे पेंशन नहीं आ रही है जिसकी वजह से वृद्धों का जीवन यापन करना दुश्वार हो रहा है।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि पात्र लोगों के राशन कार्ड में नाम जोड़े जाए साथ ही जिन लोगों की पेंशन रोकी गई है उसको बहाल किया जाए। कमिश्नर ने आश्वासन दिया है जल्द दोनों समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में नदीम एडवोकेट, स्वार विधानसभा प्रभारी आसिफ मियां, महिला जिलाअध्यक्ष डॉ. नाज, वसीम शेख, अब्दुल समद आदि लोग मौजूद रहे। ब्यूरो