भोट। शुक्रवार शाम हल्द्वानी से अपने घर लौट रहे कार सवार मुरादाबाद निवासी संजय गुप्ता व उनके पुत्र से रामपुर काठगोदाम नेशनल हाईवे पर बने कोयला टोल प्जाला में टोल कर्मी द्वारा गाली-गलौज करने का आरोप है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर टोल प्लाजा मैनेजर समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद के आवास विकास कालोनी निवासी संजय गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने पुत्र अनन्य अग्रवाल के साथ निजी कार से हल्द्वानी से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे कोयला टोल प्लाजा में लंबी लाइन लगी देख उन्होंने मौजूद कर्मचारी से इसका कारण जानना चाहा तो वह गाली गलौज करने लगा। आरोप है कि गाली गलौज का विरोध करने पर मौजूद कर्मचारी ने आवाज देकर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इस दौरान तीन और अन्य आरोपियों ने मौके पर आते ही मारपीट शुरू कर दी तथा उनकी जेब में रखे आठ हजार पांच सौ रुपये व उनके पुत्र की कलाई में बंधी सोने की ब्रेसलेट भी जबरदस्ती छीन ली। मारपीट और हंगामा होते देख मौके पर आसपास के वाहनों की भीड़ एकत्र होते देख आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी । पुलिस ने तहरीर के आधार पर टोल प्लाजा मैनेजर प्रियांशु, सुनिल कुमार व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष निशा खटाना ने बताया कि टोल कर्मियों की मारपीट में घायल की तहरीर पर टोल प्लाजा मैनेजर समेत चार आरोपियेां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।