15 हजार बकाएदारों की सूची तैैयार, पांच हजार को भेजा नोटिस
रामपुर। लंबे समय से पालिका में कर का बोझ बढ़ा रहे बकाएदारों से वसूलने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। एक दिन पहले सूची तैयार होने के बाद कुल 15 हजार लोग सामने आए हैं, जिन्होंने अपना कर सालों से नहीं दिया है। इसके लिए पालिका ने कार्रवाई करते हुए करीब पांच हजार लोगों को नोटिस दिया है और अल्टीमेटम के साथ आरसी काटने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके अलावा अधिकारी भी अब कर वसूलने को लेकर अलर्ट हो गए हैं। मोहल्लों में टीमें दुकानदारों से कर वसूली कर रही हैं। इंकार करने पर सीधे दुकान को बंद करने की काम होने लगा है।
मौजूदा समय में नगर पालिका क्षेत्र में 36 हजार मकान आते हैं। इन मकानों में रहने वाले लोगों ने काफी समय से गृह कर नहीं जमा किया है। काफी अरसे से लोगों का बिल बढ़ रहा है। अगर अभी की बात करें तो अभी तक लोगों का गृह कर दो करोड़ रुपये बकाया है। जबकि अभी इस वित्तीय वर्ष एक अप्रैल से महज 72 लाख की वसूली ही हो सकी है। इसके साथ ही 300 लोगों को नोटिस दिया जा चुका है। खास बात यह है कि विभागीय अधिकारियों के नोटिस देने के बावजूद भी अभी तक किसी ने हाउस टैक्स जमा नहीं किया है और जो हाउस टैक्स जमा हुआ है, वह कई जगह कैंप लगाकर वसूली की गई है। इस तरह के हालात की वजह से पालिका में राजस्व की हानि भी हो रही है। इसको देखते हुए 45 लोगों की अभी तक आरसी भी काटी जा चुकी है। प्रतिष्ठानों की बात करें तो अभी तक नगर पालिका के तहत 900 दुकाने आ रही है। इन दुकानों का ही अभी डेढ़ करोड़ का बकाया है। ऐसे में अब अधिकारियों के बढ़ते दबाव के बीच कर विभाग गृह, प्रतिष्ठान और पानी का कर वसूलने में लगा है। सोमवार को बकाएदारों की सूची जारी कर दी गई है। इसमें करीब 15000 लोगों को अभी शामिल किया गया है, जिनकी मोटी रकम बकाया है। ऐसे लोगों पर प्रथम चरण में कार्रवाई के तौर पर 5000 लोगों को नोटिस भेज दिए गए हैं। इसके बाद अभी अगर कोई बकाया नहीं आता है तो फिर बकाएदारों की आरसी काटी जाएगी।
पहली सूची में करीब 15000 लोगों को शामिल किया गया है। इन लोगों से कर वसूलने के लिए नोटिस दिए जा रहे हैं। अभी तक पांच हजार लोगों को नोटिस दिए जा चुके हैं। इसके साथ ही अब इन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं मोहल्लों में जाकर भी टैक्स वसूली का काम किया जा रहा है।
-डॉ. मयूरी शर्मा, कर अधीक्षक, नगर पालिका