स्वार। क्षेत्र के एक गांव में ब्याही एक विवाहिता पति के हाथों उत्पीड़न से तंग आकर तलाक मांगने लगी। दोनों पक्षों के बीच जब मामला नहीं बना तब दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। यहां विवाहिता ने पति संग जाने से इनकार करते हुए दरोगा से बोली साहब मुझे पति के साथ नहीं रहना है मुझे तलाश चाहिए। पुलिस उसकी यह जिद सुनकर ऊहापोह में फंस गई।
पीलीभीत निवासी महिला का कहना है कि उसकी शादी के बाद दो बच्चे पैदा हुए। बाद में दंपती में मन मुटाव हो गया जिसके चलते पति से तलाक हो गया। बताया जाता है कि वह मसवासी चौकी के गांव मानपुर तिराहा स्थित अपनी एक परिचित महिला के परिवार में आकर रहने लगी। परिचित महिला ने उसकी पीड़ा समझते हुए सहारा दिया। बताया जाता है कि निकटवर्ती गांव निवासी एक व्यक्ति की पत्नी मर चुकी है। उसे जब महिला के बारे में पता चला तो उसके साथ निकाह करने का विचार आया। वह महिला से मिला और दो माह पहले उससे निकाह कर लिया।
निकाह के दो माह बाद इनके बीच विवाद हुआ तो महिला फिर मानपुर उत्तरी आ गई। मंगलवार को उसका पति उसे साथ ले जाने के लिए आया। उसने इनकार कर दिया। काफी देर तक मान मनौवल होती रही लेकिन महिला जाने को तैयार नहीं हुई। उसका आरोप था कि पति उसे बेरहमी से पीटता है। इसके दोनों पक्ष कोतवाली आए जहां एक बार फिर सुलह का प्रयास हुआ लेकिन महिला का कहना था कि साहब पति बहुत मारता है। उसके साथ नहीं जाएगी। उसे तलाक चाहिए। वरिष्ठ उप निरीक्षक ने फिलहाल एहतियात के तौर पर आवश्यक लिखा पढ़ी कराकर विवाहिता को मानपुर उत्तरी निवासी उसकी परिचित के साथ भेज दिया है ताकि समस्या का सर्वमान्य हल निकल सके।