रामपुर। कोरोना संक्रमण का असर भले ही कम हो गया हो लेकिन, जिला अस्पताल का ब्लड बैंक अब भी कोरोना संक्रमण के चलते रक्त की कमी से जूझ रहा है। डेढ़ सौ यूनिट क्षमता वाले ब्लड बैंक में गुरुवार को महज 17 यूनिट रक्त ही शेष था। इसमें भी चार निगेटिव और एक पॉजिटिव रक्त समूह की एक भी यूनिट नहीं थी।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने हर किसी को प्रभावित किया है। जिले में हजारों लोग संक्रमण की चपेट में आए तो करीब डेढ़ सौ संक्रमितों की मौत भी हो गई। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों ने एक-दूसरे से दूरियां बना लीं। वहीं कोरोना संक्रमण का असर बढ़ने के कारण जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविरों का आयोजन भी नहीं हो सका। जबकि रक्त की खपत सामान्य दिनों की तरह ही रही, जिस कारण ब्लड बैंक में कई रक्त समूहों के रक्त की उपलब्धता समाप्त हो गई। जिला अस्पताल ब्लड बैंक की क्षमता डेढ़ सौ यूनिट की है। इसमें सामान्य दिनों हमेशा सौ यूनिट से अधिक रक्त उपलब्ध रहता था लेकिन गुरुवार को यहां पर महज 17 यूनिट रक्त ही उपलब्ध था। ऐसा इसलिए हुए हुआ क्योंकि दुर्घटना के घायलों से लेकर थैलीसीमिया से पीड़ित मरीजों, गर्भवती महिलाओं और रक्त की कमी वाले मरीजों को लगातार रक्त उपलब्ध कराया गया लेकिन, इस अवधि में रक्तदान के लिए लोग नहीं पहुंचे। जिस कारण ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो गई।