सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर में कुछ लोगों ने एक किशोर को लैपटॉप चोरी करने के शक में घर से बुलाकर पीटा और सिर मुड़ाकर सड़क पर घुमाया। सिर मुड़ाने का परिजनों ने विरोध भी किया लेकिन उन्हें भी धमकाया गया। पुलिस ने इस मामले में एक आधार कार्ड बनाने वाली संस्था के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ज्वालानगर की रफत कालोनी निवासी 17 वर्षीय लड़का पास में ही बने एक मैरिज हाल में काम करता हैं। वहीं पर एक दुुुकान में हार्दिक आहूजा एक संस्था के नाम से आधार कार्ड बनाने का काम करता है। हार्दिक का सोमवार रात को वहां से लैपटाप चोरी हो गया था। शक था कि किशोरी उसका लैपटाप चोरी कर ले गया है।
बताते हैं कि हार्दिक अपने साथियों के साथ दोपहर के समय किशोर के घर गया। घर से बुलाकर ले आए और उसे मैरिज हाल में बंधक बनाकर पिटाई की। उसके सिर के बाल मुड़ा दिए, फिर सड़क पर घुमाया। जैसे ही परिवार के लोगों को पता चला, वो भी पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे। धमकाने पर परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही हार्दिक और उसके साथी फरार हो गए। पुलिस ने किशोर की डाक्टरी कराई है।
पीड़ित की ओर से आई तहरीर के आधार पर हार्दिक आहूजा सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी आरपी पांडे का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। कानून से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।