सावन के आखिरी सोमवार पर इस दफा कांवड़ियों का रेला उमड़ेगा। शुक्रवार से कांवड़ियों के जत्थों का आगमन शुरू हो जाने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। हाईवे पर रूट डायवर्ट कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही मजिस्ट्रेट को भी तैनात किया गया है।
अगले तीन दिन तक हाईवे से लेकर शिवालयों तक खाकी का पहरा रहेगा। इधर, प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी है। जिलाधिकारी अमित किशोर ने बताया कि हाईवे के सभी स्कूल-कालेज शनिवार को एतियात के तौर पर बंद रहेंगे। बताया कि इस संबंध में बीएसए व जिला विद्यालय निरीक्षक को आदेश जारी कर दिया गया है।
शुक्रवार को कांवड़ियों के जत्थों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। दिनभर हाईवे पर बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा। कांवड़ियों के जत्थों की भीड़ बढ़ने पर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार और रविवार को दोनों दिन हाईवे पर कांवड़ियों की रेला उमड़ेगा। इसको देखते हुए शुक्रवार की रात से हाईवे पर रूट डायवर्ट कर दिया गया। साथ ही 30 से ज्यादा प्वाइंटों पर पुलिस बल को तैनात किया जा रहा है। कोसी पुल से लेकर मिलक तक और फिर पंजाबनगर रोड तक पुलिस बल को तैनात किया जा रहा है। साथ ही मजिस्ट्रेट को भी लगाया गया है।