श्री गुरु नानक देव महाराज के प्रकाश पर्व के मौके पर सोमवार को उत्तराखंड से दिल्ली जा रहे नगर कीर्तन का नैनीताल हाईवे पर पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। इस दौरान ‘जो बोले सो निहाल’ के जयकारों से नगर गुंजायमान हो गया।
उत्तराखंड प्रदेश के जिला ऊधमसिंहनगर के थाना सितारगंज के कस्बा उत्तमनगर से चलकर दिल्ली को जाने वाला नगर कीर्तन सोमवार की दोपहर में नैनीताल हाईवे पहुंचा। नगर के मुख्य चौराहे के पास गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा और स्त्री सत्संग सभा की संगत ने नगर कीर्तन का पुष्पवर्षा करके स्वागत किया।
गुरुद्वारा कमेटी ने फल भेंट करने के बाद श्री गुरु महाराज की गद्दी के लिए सुसज्जित चादर अर्पित की। सभी ने पालकी के समक्ष शीश नवाकर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद नगर कीर्तन रामपुर के लिए रवाना हो गया। सबसे आगे पंज प्यारे और पंज निशानची चल रहे थे। उनके पीछे श्री गुरु महाराज की सुसज्जित सवारी थी।
युवक दो पहिया वाहनों से जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इस मौके पर कमेटी के कुलदीप सिंह पुरी, मान सिंह, भगत सिंह, गुरमुख सिंह, जसपाल सिंह, खजान सिंह, चरनजीत सिंह, जागीर सिंह, खुशपाल कौर, परमजीत कौर पोला आदि रहे।