रामपुर। शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचीं ज्वाइंट डायरेक्टर हेल्थ डॉ. आशु अग्रवाल और कंसल्टेंट डॉ. नवीन कुमार ने अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल के वार्डों से लेकर दवा कक्ष तक का जायजा लेने के दौरान उन्हें दवाओं की कमी दिखाई दी, जिस पर डॉ. आशु ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश तत्काल जारी किए।
डॉ. आशु ने बताया कि अस्पताल की स्वच्छता और अन्य चिकित्सा सेवाएं संतोषजनक हैं, लेकिन दवाओं के अभाव से मरीजों को उचित इलाज देने में बाधा आ रही है। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों की कमी को गंभीर समस्या बताया और इसे दूर करने के लिए उच्चाधिकारियों को लगातार पत्र भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की कमी से गंभीर रोगियों के बेहतर उपचार में दिक्कतें आती हैं, जिन्हें जल्द पूरा करने की कोशिश जारी है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. आशु ने अस्पताल प्रशासन को कोरोना के नए वेरिएंट के प्रति भी सतर्क रहने की हिदायत दी और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। सीएमएस डॉ. डीके वर्मा ने बताया कि अस्पताल की सेवाओं पर ज्वाइंट डायरेक्टर हेल्थ को समग्र रूप से संतोषजनक रिपोर्ट मिली है।