खौद चौराहे के चौड़ीकरण के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। सोमवार को जेसीबी ने काम शुरू कर दिया। यहां पर पहले नाले की खुदाई का काम शुरू किया गया है। साथ ही दुकानों के आगे बना अवैध निर्माण भी ध्वस्त कर दिया गया। इस बीच दुकानदारों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है।
खौद चौराहे पर तमाम खोखों और दुकानदारों ने कब्जा जमा रखा था, जिसके चलते चौराहा संकरा हो गया है। हालत यह है कि यहां से पैदल निकलना मुश्किल भरा हो जाता है। जाम लगने से दिक्कत हो रही है। साथ ही यहां पर जलभराव की समस्या भी पैदा हो जाती है। गांव के नालों का पानी सड़क पर आने के बाद यहां पर गड्ढे भी हो गए थे। लोगों ने इस मामले की शिकायत नगर विकास मंत्री आजम खां से की थी। साथ ही शांति समिति की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया था जिसके बाद सरकारी अमला हरकत में आ गया। लोक निर्माण विभाग की टीम ने रविवार को दुकानदारों को चेतावनी जारी की थी।
सोमवार को लोक निर्माण विभाग की टीम यहां पहुंची और फिर जेसीबी के जरिए अवैध निर्माण गिराना शुरू कर दिया, जिससे दुकानदारों में खलबली मच गई। जेसीबी के जरिये सड़क किनारे नाले की खुदाई का काम किया गया। साथ ही कई निर्माण भी ध्वस्त करा दिए। इस दौरान दुकानदारों ने भी अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। खौद चौराहा चौड़ा होने के बाद यहां के लोगों को राहत मिल सकेगी।