टांडा। लालपुर अस्थाई पुल पर लगे जाम ने राहगीरों को संकट में डाल दिया। कोसी मार्ग पर धूल से निजात मिल गई है, लेकिन जाम से नहीं। बुधवार को लगे जाम के बाद दूर तक वाहनों की कतारें लग गईं। मौके पर आई पुलिस को घंटों जाम खुलवाने के लिए जूझना पड़ा।
मामला जिला मुख्यालय से टांडा को जोड़ने वाले कोसी नदी पर बने लालपुर अस्थाई पुल का है। अस्थाई पुल से गुजर रहे बड़े वाहनों के चलते कोसी मार्ग जर्जर हो चुका है और धूल और दलदल से निजात मिली लेकिन, आए दिन रोजाना पुल पर जाम लग रहा है। बुधवार दोपहर बड़े वाहन पुल के बीच में फंस जाने के बाद जाम लगने की शुरुआत हो गई। देखते ही देखते दूर तक वाहनों की कतारें लग गई। हालात इतने बिगड़ गए कि पैदल निकलना भी दुश्वार हो गया। पहले तो स्थानीय लोगों ने जाम खुलवाने की पहल शुरू की, लेकिन हालात बिगड़ने पर मामले से पुलिस को अवगत कराया गया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस को भी जाम खुलवाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। शाम को जब जाम खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद