टांडा। नगर ने मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण तथा बड़े वाहन जाम का सबब बन गए हैं। सोमवार को सड़क किनारे खड़े वाहनों, अस्थायी फड़ तथा गन्ने की ओवरलोड ट्रॉलियों के चलते पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। मुख्य मार्ग से होकर जाने वाले वाहनों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
नगर के मुख्य बाजार से अतिक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। टांडा-बाजपुर मुख्य मार्ग पर दुकानों के बाहर मौजूद अस्थायी अतिक्रमण तथा सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण जाम की समस्या रहती है। सोमवार को भी मुख्य मार्ग पर दोनों ओर दुकानों के आगे लगे अस्थायी फड़, फलों के ठेले तथा मार्ग से गुजरने वाली गन्ने की ओवरलोड ट्रॉलियों के चलते जाम की स्थिति बनी रही। जिसके कारण मार्ग पर दिनभर वाहन रेंगते रहे। वही नगर में जाम की दूसरी समस्या सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल हैं। जो करीब तीन फीट तक दोनों ओर के रास्ते को तंग करते हैं। जिसको लेकर नगर पालिका बोर्ड ने भी प्रस्ताव पास कर जिला प्रशासन को भेज दिया था। लेकिन लंबे समय से चली आ रही मांग की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।