राशन कार्ड बनाने की मांग को लेकर केमरी के लोगों ने राशन विक्रेताओं के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद केमरी में मिलक रोड पर एक घंटे तक जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। चेयरमैन सलीम अहमद ने उन्हें राशन कार्ड दिलाने का अश्वासन दिया। उपभोक्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन भी सौंपा।
केमरी के तमाम उपभोक्ता सोमवार की सुबह दस बजे राशन न मिलने की बात करते हुए राशन विक्रेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मिलक-बिलासपुर रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि केमरी में राशन की पांच दुकानें हैं। आरोप लगाया कि राशन विक्रेताओं ने तमाम लोगों के राशन कार्ड कटवा दिए हैं और अपात्रों के कार्ड बना दिए हैं। कहीं तो परिवार को सूची में साफ कर दिया गया है।
जाम लगने की सूचना पर केमरी थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर रोड से हटा दिया। इस बीच केमरी नगर पंचायत के चेयरमैन सलीम अहमद भी मौके पर पहुंच गए। महिलाओं ने चेयरमैन से राशन की सूची से नाम काटे जाने में नगर पंचायत कर्मियों को दोषी मानते हुए कार्रवाई की मांग की। चेयरमैन ने कहा कि उन्होंने राशन कार्डों की जो सूची आपूर्ति कार्यालय को भेजी थी, वह शामिल नहीं की गई है। वह उनके साथ हैं और शीघ्र ही नई सूची को लागू कराकर पात्रों का उनका हक दिलाएंगे। प्रदर्शन करने वालों में जैबु निशा, नईमा, जगदेवी, अख्तरी, भागवती, शना, शमा, शीला, मालती, जशोदा, नफीस अहमद, शराफत, नसीम अहमद, नईम आदि मौजूद रहे।