रामपुर। लोकसभा चुनाव के घमासान के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीटों की नब्ज टटोलते हुए शुक्रवार को अमर उजाला का चुनावी रथ ''''सत्ता का संग्राम'''' शुक्रवार को रामपुर पहुंचा। जहां सुबह के समय रेलवे स्टेशन पर चाय पर चर्चा के दौरान रामपुर के लोगों ने बेबाकी से अपनी राय व्यक्त की। दोपहर में युवाओं से बातचीत कर उनके सवालों को जाना। जिसके बाद शाम को आंबेडकर पार्क में राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच तीखे सवालों के साथ जवाब मांगे तो नेताओं ने जवाब के साथ अपनी-अपनी पार्टी के नेता की जीत का दावा किया। लोगों ने विकास, शिक्षा, किसान और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।
रोजगार के साधन बढ़ाने वाला सांसद हो
रेलवे स्टेशन पर चाय पर चर्चा के दौरान मतदाता बोबी ने कहा कि मशीनें थीं, लेकिन धीरे-धीरे खत्म हो गईं। टेक्सटाइल मिलें खत्म हो गई हैं। राजनीतिक लोगों ने ही मिलें बंद कराकर रामपुर में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खत्म कर दिए हैं। ऐसा सांसद बने जो रोजगार के साधन बढ़ाए। वहीं अवतार सिंह ने कहा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। महिलाएं रात में बिना डरें घूम रही हैं। विकास हुआ, लेकिन रोजगार की समस्या है। सरकार गरीब बेटियों की शादी कराकर अच्छा काम कर रही है। मतदाता दल सिंह सैनी ने कहा कि पुख्ता रोजी के इंतजाम नहीं हैं। नेताओं को सोचना चाहिए। रामपुर में रोजगार बड़ा मुद्दा है। मोहम्मद रफी गांधी ने कहा नेताओं ने धरना देकर यहां फैक्टरी बंद कराई, जो बहुत गलत हुआ। जिससे रोजगार की समस्या बढ़ी। मोहम्मद हसन ने कहा कि मजदूर आदमी हूं, काम नहीं है। पार्टी कोई भी जीते रोजगार दे तो अच्छा होगा। सरकार वही बेहतर है जो रोजगार अवसर के पैदा करे। मतदाता अब्दुल हफीज व मोहम्मद यूसुफ ने भी रामपुर में रोजगार के साधन बढ़ाने की बात कही।
-
सस्ती शिक्षा के लिए काम करे सरकार
स्वार बस अड्डे के पास एक कॉलेज में पहली बार वोट डालने युवाओं से बातचीत में छात्रा कुमकुम भारती ने कहा कि सरकार किसी की भी आए, लेकिन हिंदू-मुस्लिम नहीं होना चाहिए। वहीं शिक्षा की आड़ में पैसा खींचा जा रहा है, क्योंकि विश्वविद्यालयों में इतनी ज्यादा फीस है। फीस कम होनी चाहिए। छात्रा कविता गंगवार ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों और अन्य विभागों में वैकेंसी आनी चाहिए, जिससे युवाओं को रोजगार मिले। शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद नौकरी नहीं मिल पा रही है। छात्रा इल्मा ने कहा कि नौकरी मिलनी चाहिए, महिलाएं भी बहुत कुछ करना चाहती हैं। सरकारी नौकरी न भी दे सकें, लेकिन प्राइवेट नौकरी मिले। महिलाएं आगे बढ़ें, हम किसी से कम नहीं हैं। छात्रा कविता ने कहा कि ऐसी सरकार चाहिए जो रोजगार दे, शिक्षा के साथ महिलाएं सशक्त होंगी तो देश तरक्की करेगा। छात्रा माया ने बताया फ्री राशन के बाद भी डीलर पैसे लेकर राशन दे रहे हैं, ये गलत है। छात्रा खुशनुमा अंसारी ने बताया कि शिक्षा के साथ रोजगार के साधन सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। नीतू ने कहा कि नेता चुनाव में दौरान ही वादे करते हैं, चुनाव के बाद नजर नहीं आते हैं। परिवार के लोग बच्चों को नौकरी और अच्छे रोजगार के लिए शिक्षा देते हैं। सरकार को शिक्षा सस्ती के लिए काम करना चाहिए।
-
सभी दलों के नेताओं ने भरा जीत का दम
शाम के समय आंबेडकर पार्क में राजनीतिक दलों से चर्चा के दौरान भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन रस्तोगी ने कहा कि सरकार ने मुक्त कोरोना वैक्सीन लगवाईं, लोगों को फ्री राशन मिल रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने जनता के लिए जमीनी स्तर पर काम किया। आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाएं जनहित की हैं। लोगों का भाजपा पर विश्वास कायम है। भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी शिवा शर्मा ने कहा कि कानून व्यवस्था अच्छी है। रामपुर से भाजपा ही जीतेगी। वहीं बसपा नेता सदाकत हुसैन ने कहा कि राजनीतिक गठबंधन नहीं है, लेकिन जनता और समाज के साथ गठबंधन किया है। नौकरी के नाम पर भाजपा ने कुछ नहीं किया। यहां पेपर लीक हो रहे हैं। हमारा तीन लाख से ऊपर वोट है, हमारा युवा प्रत्याशी है। आजम खां जेल में हैं। सपा में दो गुट हैं। सिलईबड़ा गांव में दलित युवा की हत्या कर दी गई है। भाजपा के खिलाफ जनता वोट करेगी और रामपुर में बसपा प्रत्याशी जीतेगा। वहीं सपा के पूर्व नेता मशकूर अहमद मुन्ना ने कहा कि नई सपा है, नई हवा है। पार्टी में कोई गुट नहीं है। सब एक ही हैं। हमारा प्रत्याशी जनता के बीच का प्रत्याशी है। एक नेता की यहां चलती थी अब यहां नया माहौल है। सपा प्रत्याशी मजबूत है, जीत हमारी ही होगी।