रामपुर। पीलाखार डैम के निर्माण के लिए रखी गई लोहे की प्लेटों की चोरी के मामले में पुलिस ने बरेली के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की लोहे की प्लेटें बरामद की हैं।
क्षेत्र के पीलाखार डैम का निर्माण चल रहा है। 17 मार्च को लोहे की 55 प्लेटें चुरा ली गई थीं, जिसमें पुलिस ने एएम फर्म के इंजीनियर आकिब मुजदबा की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के उनाई मकरुका गांव निवासी अनस को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात ग्राम लखीमपुर भीखा के रास्ते पर चेकिंग के दौरान तीन लोगों को एक गाड़ी में लोहे की प्लेट भरते हुए पुलिस ने देखा। पुलिस को आता देख तीनों लोगों ने भागने की कोशिश की जिसमें एक आरोपी अनस को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दो आरोपी भागने में कामयाब हो गए। बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से चार चोरी की गई प्लेटें मिली हैं।
अनस ने बताया कि चोरी की गयी 55 प्लेटों में से 51 प्लेटें उन्होंने बेच दी थी, जिसमें से 5000 रुपये उसके हिस्से में भी आए थे। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। कुछ दिनों पहले भी अनस के अन्य साथियों ने जनपद पीलीभीत के जहानाबाद से बिजली का तार चोरी किया था। जिसमें कुछ आरोपी जेल भी जा चुके हैं।