रामपुर। केमरी में कोटेदार निसार अहमद द्वारा खाद्यान्न की कालाबाजारी किए जाने की पुष्टि जांच में हुई है। डीएम द्वारा गठित समिति की जांच में दोषी पाए जाने पर कोटेदार के खिलाफ केमरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पांच मई को प्राप्त शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम ने प्रकरण की जांच के लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और तहसीलदार बिलासपुर की संयुक्त टीम गठित की थी। जिला पूर्ति अधिकारी पूरन सिंह चौहान ने बताया कि टीम द्वारा उचित दर विक्रेता निसार अहमद की दुकान का 21 मई को औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान दुकान पर अन्य आवश्यक सूचनाओं जैसे अंत्योदय कार्ड धारकों की सूची, नोटिस बोर्ड, रेट बोर्ड और विभागीय टोल फ्री नंबर नहीं पाया गया।
विक्रेता द्वारा राशन वितरण प्रमाणित चौहद्दी पर नहीं किया जा रहा था और न ही किसी प्रकार की सूचना कार्यालय में दी गई। भौतिक सत्यापन करने पर दुकान में गेहूं के 108 कट्टे व चावल के 157 कट्टे तथा चीनी 18 किलोग्राम पाई गई। दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक का मिलान विभागीय ऑनलाइन वेबसाइट से किए जाने पर खाद्यान्न सत्यापन में 46.686 क्विंटल गेहूं, 71.954 क्विंटल चावल और चीनी कम चीनी पाई गई।
स्टॉक कम पाए जाने के कारणों के बारे में पूछने पर उचित दर विक्रेता द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। जांच के दौरान मौके पर मौजूद कार्ड धारकों से उचित दर विक्रेता के वितरण के संबंध में भी पूछताछ की गई, जिस पर सभी ने बताया कि उनका राशन पांच किलोग्राम प्रति यूनिट के हिसाब से दिया जाता है, लेकिन दुकान पर व्यवस्थाएं ठीक न होने और खाद्यान्न कम पाए जाने पर कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।