शाहबाद। नगर पंचायत परिसर की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से इंटरलॉकिंग सड़कों की हालत खराब हो रही है। भारी वाहनों के दबाव से कई स्थानों पर सड़कें धंसने लगी हैं, जिससे रोज गुजरने वाले लोगों को की परेशानी बढ़ जाएगी।
ओवरलोड वाहन बेधड़क नगर पंचायत की संकरी सड़कों में प्रवेश कर रहे हैं। इससे जहां आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, वहीं राहगीरों और वाहन चालकों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों की है, जिनके लिए इन भारी वाहनों के कारण खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इंटरलॉकिंग सड़कें भी ओवरलोड वाहनों के कारण समय से पहले ही क्षतिग्रस्त होने लगी हैं। यदि समय रहते रोक नहीं लगी तो सड़कें पूरी तरह ध्वस्त हो सकती हैं। इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी एवं एसडीएम कुमार संजय ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में प्रवेश करने वाले ओवरलोड वाहनों की जांच कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर संबंधित विभाग से सख्ती से कार्रवाई कराई जाएगी और नगर पंचायत की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में सड़कों को खराब नहीं होने दिया जाएगा।