मसवासी। सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आकर घायल हुए बालक को चिकित्सक के यहां ले जाते समय एक अन्य बाइक ने टक्कर मार दी जिसमें उसकी जान चली गई। पुलिस ने बालक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस चौकी मसवासी अंतर्गत बिजारखाता गांव निवासी जुल्फिकार उर्फ इंतजार हुसैन की मसवासी चौराहे के पास पंक्चर जोड़ने की दुकान है। दुकान से पर्याप्त आय न होने के कारण वह मजदूरी करने नैनीताल चले गए हुए हैं। मंगलवार को सुबह करीब उनका 12 साल का बेटा अलफैज नहाने के लिए मुरादाबाद-बाजपुर सड़क पार कर एक पंपिंग सेट की ओर जा रहा था। इस दौरान बाजपुर की ओर से आ रही बेकाबू बाइक के चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में घायल अलफैज को परिजन इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। बालक को वाहन से उतार कर सड़क पर खड़ा किया ही था कि एक अन्य बेकाबू बाइक का चालक उसे टक्कर मार कर भाग गया। हादसे में अलफैज की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुुंची पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर जुल्फिकार नैनीताल से घर के लिए रवाना हो गए। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। चौकी इंचार्ज श्रीपाल सिंह ने बताया कि बाइक की टक्कर से बालक की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।