घरों के बाहर नाले पर किए गए अतिक्रमण पर पालिका द्वारा कार्रवाई की गई। पालिका की टीम ने ईओ के नेतृत्व में नालों पर बने स्लैब व चबूतरों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। सुबह से देर शाम तक चले अभियान में पालिका ने दर्जनों घरों के बाहर बने स्लैब तोड़ दिए।
वहीं कुछ लोगों को चेतावनी देते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया गया है। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा आपत्ति भी जताई गई लेकिन, अफसरों द्वारा अतिक्रमण का हिस्सा तोड़े जाने पर मामला शांत हो गया। चेयरमैन ने भी मौके पर पहुंच कर अभियान का निरीक्षण कर निर्देश दिए।
विज्ञापन
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पालिका के ईओ सैय्यद मोहम्मद तारिक के नेतृत्व में पालिका की टीम जेसीबी के साथ खारी कुआं मोहल्ले पहुंची। यहां पर आसपास के इलाके में गृहस्वामियों द्वारा नाले पर अतिक्रमण कर निर्माण किए जाने की शिकायत थी। टीम ने जेसीबी व पालिका कर्मियों की मदद से नाले पर करीब दो दर्जन घरों के आगे किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इनमें कुछ घरों के आगे नाले पर चबूतरा बना हुआ था तो
कुछ घरों के आगे स्लैब भी पड़े हुए थे। कुछ घरों के आगे ग्रिल लगाकर नाले के ऊपर निर्माण किया हुआ था।
पालिका कर्मियों ने पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण को ध्वस्त किया। चेयरमैन अजहर अहमद खां ने भी मौके पर पहुंच कर कार्रवाई का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। अतिक्रमण की जद में आ रहे कुछ निर्माण को लेकर स्वामियों ने स्वयं तोड़ने की बात कही।