शाहबाद। चकरपुर भूड़ गांव की मस्जिद में घुसकर मामूली विवाद को लेकर गांव के ही तीन लोगों ने इमाम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। विरोध करने और शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। इस घटना के बाद से गांव में रोष फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपियों पर कार्रवाई के लिए कोतवाली आ गए।
मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के सिहाली खद्दर निवासी मौलाना आरिफ चकरपुर भूड़ गांव की मस्जिद में इमामत करते हैं। उनके मुताबिक बृहस्पतिवार शाम करीब 6:30 बजे वह मस्जिद में मौजूद थे। इसी दौरान गांव के शाहरुख ने मस्जिद की मीनार पर चढ़कर मस्जिद की बिजली के तार से कट लगाकर लाइट जला ली। इसके बाद लाइट को अपने घर की ओर कर दिया। इमाम ने इसका विरोध किया।
आरोप है कि शारूख, चमन तथा संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के हीरापुर निवासी सुहेल लाठी-डंडे लेकर मस्जिद में पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू करते हुए हाथापाई और मारपीट की। शोर सुनकर भूरा और नवी खां समेत कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कराया। आरोप है कि हमलावर ग्रामीणों से भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण इमाम को लेकर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। सीओ देवकीनंदन ने बताया कि तहरीर के आधार पर शाहरुख, चमन और सुहेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई की जा रही है।