रामपुर। नगर पंचायत मसवासी क्षेत्र के ग्राम मंसूरपुर में आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का खिताब हुसैन क्लब की टीम ने जीता। मानपुर की हुसैन क्लब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंसूरपुर की शिव क्लब टीम को 15-12 व 15-13 के सेट से हराया।
दोनों टीमों के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। हुसैन क्लब के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई और लगातार दो सेट जीतकर बाजी मार ली। ग्राम प्रधान विकास मौर्य ने विजेता को 5100 रुपये एवं उपविजेता टीम को 3100 रुपये का नकद पुरस्कार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में खेल भावना विकसित होती है और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। मौके पर आयोजक समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।