सैदनगर (रामपुर)। पत्नी को तीन तलाक देने के आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दो साल पहले भी अपनी पत्नी को तीन तलाक दिया था, लेकिन बाद मेें पंचायत होने और महिला के इद्दत करने के बाद दोबारा निकाह किया था।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव ढोकपुरी टांडा निवासी फरमाना का विवाह पास के ही रहने वाले फरमान से हुआ था। महिला का पति उसको आए दिन किसी न किसी बात को लेकर पीटता रहता था। 17 सितंबर की सुबह को पति ने अपनी पत्नी को पीट दिया था। उसके विरोध करने पर उसको तीन तलाक देकर घर से भगा दिया। महिला का आरोप है कि दो साल भी पति ने तीन तलाक दे दिया था। इसके बाद महिला ने गांव में पंचायत होने के बाद तीन माह 13 दिन की इद्दत की थी। महिला ने तीन माह 13 दिन की इद्दत करने के बाद दोबारा फरमान से निकाह किया था लेकिन 17 सितंबर को पति ने अपनी पत्नी को तीन तलाक देकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस मामले में महिला ने पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।