रामपुर। आसरा कालोनी और मिलक के ग्राम पीपलसाना मिले एक- एक कोरोना संक्रमित के बाद अब इन क्षेत्रों को कर्मचारियों ने सैनिटाइज करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही गांव में युवकों के संपर्क में आए लोगों की थर्मल स्कैनिंग की जा रही है, ताकि संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके। वहीं, लोगों से अपील की जा रही है कि लोग अपने घरों के भीतर ही रहें। किसी भी कीमत पर घर से बाहर न निकलें।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार की ओर से लॉकडाउन किया गया है लेकिन, तीसरे चरण के इस लॉकडाउन में दूसरे प्रदेशों और जिलों में रहने वाले लोगों के आने का सिलसिला जारी है। ऐसे में कोरोना संक्रमितों के भी नए- नए मामले सामने आते जा रहे हैं। दो दिन पहले टांडा तहसील में कार्यरत होमगार्ड कोरोना संक्रमित मिला था। वहीं, शुक्रवार को गुजरात से आए पीपलसाना निवासी श्रमिक और आसरा कालोनी के मजदूर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने इन क्षेत्रों हॉटस्पॉट घोषित करने के बाद सील कर दिया था। इसके साथ ही शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें एक्टिव हो गईं और तीनों क्षेत्रों को सैनिटाइज करने का काम शुरू हुआ। लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। गांव में पुलिस ने निगरानी शुरू कर दी है। देखा जा रहा है कि इन लोगों के संपर्क में कौन- कौन आया था और कहां- कहां ये लोग गए थे। जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि प्रोटोकॉल के तहत तीनों क्षेत्रों को सैनिटाइज करने का काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही मजदूरों के संपर्क में आए लोगों की भी थर्मल स्कैनिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि संदिग्धों को क्वारंटीन किया जाएगा।