रामपुर। नगर में शाहबाद गेट के निकट खटकान मोहल्ले स्थित एक नर्सिंग होम की शिकायत मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट व एसीएमओ ने छापा मारा। कमियां मिलने पर नर्सिंग होम को सील कर दिया गया है। साथ ही संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए क्षेत्रीय आयुर्वेदिक-यूनानी अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।
रविवार को शिकायत के आधार पर सिटी मजिस्ट्रेट रामजी मिश्र और एसीएमओ डॉ. आरके चंद्रा ने अल नूर नर्सिंग होम पर छापा मारा। नर्सिंग होम को लेकर जिलाधिकारी को संचालक द्वारा बिना अग्निशमन संबंधी अनापत्ति एवं अन्य जरूरी सुविधाओं के ही नर्सिंग होम का संचालन किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। कार्रवाई के दौरान नर्सिंग होम में संचालक मौजूद नहीं पाए गए तथा कर्मचारियों से नर्सिंग होम के संचालन के लिए जरूरी फायर संबंधी एनओसी, बायो मेडिकल वेस्ट संबंधी एनओसी एवं अन्य मेडिकल के मानक के अनुसार अभिलेखों को प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। परंतु मौके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया। संचालक के रूप में डॉक्टर फातिमा नूर और नूर मोहम्मद हालांकि बीयूएमएस डिग्री धारक बताए गए हैं इसलिए नगर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नर्सिंग होम को सील कर दिया गया। साथ ही संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर एवं अन्य जरूरी कार्रवाई के लिए नगर मजिस्ट्रेट द्वारा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देशित कर दिया गया है।