रामपुर। पुलिस से विदा हो चुकी थ्री नॉट थ्री राइफल इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नजर आएगी। चुनाव के दौरान बूथों और अन्य स्थानों पर तैनात होमगार्डों को ये राइफलें दी जाएंगी, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। वहीं, पंचायत चुनाव के लिए जिले में 2785 होमगार्ड्स की तैनाती हो रही है। हालांकि, रामपुर में इतनी राइफल नहीं हैं। ऐसे में आसपास के जिलों से भी राइफलों की मांग की जाएगी।
रामपुर में पहले चरण में पंचायत चुनाव होने हैं। यहां 15 अप्रैल को मतदान होगा। ऐसे में पुलिस प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराना एक चुनौती है। दरअसल, पंचायत चुनाव में अधिकांश स्थानीय लोग ही हिस्सा लेते हैं। एक-एक गांव में कई- कई प्रत्याशी होने की वजह से पूरा गांव की कई गुटों में बंट जाता है। ऐसे में मतदान के दौरान कई बार झड़पें भी हो जाती हैं। रामपुर की बात की जाए तो जिले में 898 मतदान केंद्र और 2129 मतदेय स्थल हैं। इनमें 32 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील प्लस हैं, तो 326 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील हैं। जबकि, 266 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। लिहाजा, शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स की तैनाती की जा रही है। इसमें पुलिस फोर्स के जवानों के साथ ही होमगार्ड भी शामिल हैं। ये वही होमगार्ड हैं, जो सार्वजनिक स्थानों डंडों के सहारे सुरक्षा का जिम्मा संभालते हैं लेकिन, इस बार पंचायत चुनाव में ये होमगार्ड थ्री नॉट थ्री राइफल के साथ नजर आएंगे। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने बताया कि होमगार्डों को देने के लिए पर्याप्त राइफलों का इंतजाम किया जा रहा है। इसमें कुछ राइफलें तो रामपुर में हैं। इसके अलावा यदि राइफलें कम पड़ेंगी तो पड़ोसी जिलों से मंगा ली जाएंगी।