रामपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बृहस्पतिवार की शाम से ही हाईवे पर मार्ग परिवर्तित कर दिया। पुलिस ने रोडवेज बसों की भी शहर में प्रवेश बंद कर दी है। भीड़ बढ़ने पर रोडवेज बसों को भी बदले हुए मार्ग पर दौड़ाया जाएगा। मार्ग परिवर्तन के बाद परिवर्तित मार्गों पर वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई है। यह मार्ग परिवर्तन 24 अगस्त की रात आठ बजे तक लागू रहेगा।
कांवड़ यात्रा अब आखिरी दौर में पहुंच चुकी है। 24 अगस्त को सावन का चौथा व आखिरी सोमवार होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग कांवड़ लेकर शिव मंदिरों में पहुंचेंगे और जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा की शुरुआत होने के साथ ही पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। पुलिस प्रशासन ने बृहस्पतिवार की शाम चार बजे से ही निर्धारित मार्गों से वाहनों को गुजारना शुरू कर दिया।
यातायात पुलिस ने हाईवे पर शहजादनगर और कोसी जीरो पॉइंट पर बैरिकेड लगाकर मार्ग परिवर्तन शुरू कर दिया। इसके अलावा टांडा बाजपुर मार्ग पर भी मार्ग परिवर्तित किया गया है। पुलिस अफसरों के अनुसार हाईवे पर यातायात परिवर्तित कर दिया गया है।
इस दौरान रोडवेज बसों को शहर में प्रवेश करने पर रोक लगा दी गई है। अभी हल्के वाहन गुजारे जा रहे हैं। भीड़ बढ़ने पर रोडवेज बसों व हल्के वाहनों का भी मार्ग परिवर्तित कर दिया जाएगा। यह मार्ग परिवर्तन 24 अगस्त की रात आठ बजे तक लागू रहेगा।
0000
इस तरह किया मार्ग परिवर्तन
-बरेली, रुद्रपुर, बिलासपुर और मुरादाबाद की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। इन वाहनों को शाहबाद, सैफनी, बिलारी, हजरतनगरगढ़ी, सिरसी, संभल के चौधरी सराय चौकी होते हुए खिरनी कट से गंगा एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जा रहा है। मीरगंज और आंवला की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
-रुद्रपुर और बिलासपुर की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को कोयली कट और जीरो पॉइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास होते हुए परिवर्तित किया गया है। वहीं दिल्ली से बरेली आने वाले भारी वाहन बिलारी, सैफनी और शाहबाद मार्ग से होकर गुजरेंगे।
-मुरादाबाद से रामपुर और रुद्रपुर जाने वाले वाहनों को भी सैफनी, शाहबाद, पटवाई और अजीतपुर बाईपास के रास्ते भेजा जा रहा है।
0000000
कांवड़ यात्रा के लिए हाईवे पर बृहस्पतिवार को भारी वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। यह रूट डायवर्जन सोमवार की रात तक रहेगी। जरूरत पड़ने पर हल्के वाहनों को भी रोका जाएगा। -राजवीर परिहार, सीओ यातायात