रामपुर। रामपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहीं फिल्म अभिनेत्री जया प्रदा ने मणिपुर की घटना पर सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध करते हुए कहा कि राजनीतिक दल मणिपुर घटना पर राजनीति करने के बजाय शांति बहाल करने की प्रक्रिया में मदद करें।
पूर्व सांसद जयाप्रदा ने अपने बयान में कहा है कि मणिपुर की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। पहले महिला को निर्वस्त्र किया गया फिर पूरे गांव में घुमाया गया, जो निंदनीय है। मणिपुर में शर्मनाक घटना ने पूरे देश का सिर नीचा किया है। कहा कि दो समुदाय के बीच हो रहे झगड़े के चलते मणिपुर पिछले कई महीनों से जल रहा है। वहां प्रभावशाली मैतेई समुदाय और आदिवासियों के बीच अविश्वास और नफरत की खाई इतनी ज्यादा गहरा चुकी है कि उसे शायद ही कभी भरा जा सके। कहा कि वहां एक समुदाय का व्यक्ति अब दूसरे समुदाय के लिए सिर्फ एक ''''शिकार'''' है। जया प्रदा ने कहा कि मणिपुर कांड में आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है और सरकार वहां शांति बहाल करने का लगातार प्रयास कर रही है। शांति बहाल करने के लिए दोनों समुदायों के लोगों का आपस में एक-दूसरे से बात करना जरूरी है। यह एक गम्भीर और महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मामला है। सभी राजनीतिक दल इस गंभीर मामले पर राजनीति करने के बजाय दोनों समुदाय से बात कर शांति बहाल करने की प्रक्रिया में मदद करें।